विश्व तंबाकू निषेध दिवस : "एक ज़हर जो जीवन छीन लेता है”
article-image
दिवस विशेष

विश्व तंबाकू निषेध दिवस : "एक ज़हर जो जीवन छीन लेता है”


हर साल 31 मई को पूरी दुनिया में विश्व तंबाकू निषेध दिवस मनाया जाता है। इस दिन का उद्देश्य लोगों को तंबाकू के हानिकारक प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें इस जानलेवा लत से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है। तंबाकू सिर्फ एक आदत नहीं, बल्कि धीरे-धीरे इंसान को मौत के करीब ले जाने वाला ज़हर है, जो न केवल व्यक्ति को बल्कि उसके पूरे परिवार को प्रभावित करता है।

तंबाकू क्या है और यह क्यों खतरनाक है?

तंबाकू एक नशीला पदार्थ है, जिसमें निकोटीन नाम का तत्व पाया जाता है। यह शरीर में जाते ही दिमाग को प्रभावित करता है और व्यक्ति को इसकी लत लग जाती है। लोग इसे सिगरेट, बीड़ी, गुटखा, पान मसाला, हुक्का आदि के रूप में इस्तेमाल करते हैं। शुरुआत में यह सिर्फ एक शौक या दिखावा लगता है, लेकिन धीरे-धीरे यह जीवन का हिस्सा बन जाता है और फिर इसे छोड़ना बहुत मुश्किल हो जाता है।

तंबाकू के भयानक दुष्प्रभाव

तंबाकू का सेवन शरीर के लगभग हर अंग को नुकसान पहुंचाता है। इसके कुछ प्रमुख दुष्प्रभाव हैं:

कैंसर: मुंह, गले, फेफड़ों और पेट का कैंसर तंबाकू के कारण होता है।

हृदय रोग: तंबाकू खून की नसों को संकुचित कर देता है, जिससे हार्ट अटैक का खतरा बढ़ जाता है।

फेफड़ों की बीमारी: सांस लेने में तकलीफ, अस्थमा और क्रॉनिक ब्रोंकाइटिस जैसी बीमारियाँ हो जाती हैं।

दांत और मुंह की समस्याएं: मसूड़ों से खून आना, दांत गिरना और मुंह में छाले होना आम बात हो जाती है।

प्रतिरोधक क्षमता में कमी: शरीर बीमारियों से लड़ने की क्षमता खो देता है।

हर साल होने वाली मौतें – एक डरावना सच

तंबाकू के कारण हर साल दुनिया भर में लाखों लोग अपनी जान गंवा देते हैं। अनुमान के अनुसार, हर वर्ष लगभग 80 लाख (8 मिलियन) लोग तंबाकू से संबंधित बीमारियों के कारण मरते हैं। भारत में ही हर साल 10 लाख से अधिक लोगों की मौत तंबाकू के कारण होती है। यह संख्या किसी महामारी से कम नहीं है।

इन मौतों में सिर्फ तंबाकू पीने वाले ही नहीं, बल्कि “पैसिव स्मोकिंग” यानी दूसरों के धुएं से प्रभावित लोग भी शामिल होते हैं—जिनमें बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग होते हैं।

मौत के बाद परिवार पर असर

जब कोई व्यक्ति तंबाकू के कारण अपनी जान गंवाता है, तो वह अकेला नहीं मरता—उसके साथ उसका पूरा परिवार टूट जाता है।

1. पत्नी (बीवी) पर असर

पति की मृत्यु के बाद पत्नी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ता है। वह न केवल भावनात्मक रूप से टूट जाती है, बल्कि आर्थिक संकट भी झेलती है। जिस व्यक्ति के साथ उसने जीवन बिताने के सपने देखे थे, वह अचानक उसे छोड़कर चला जाता है। वह अकेली पड़ जाती है, समाज की जिम्मेदारियों और बच्चों की परवरिश का बोझ उसके कंधों पर आ जाता है।

2. बच्चों की स्थिति

बच्चों के लिए पिता का साया सबसे बड़ी ताकत होता है। जब तंबाकू के कारण पिता की मौत हो जाती है, तो बच्चों का भविष्य अंधकारमय हो जाता है। उनकी पढ़ाई रुक सकती है वे मानसिक तनाव में आ जाते हैं। कई बार उन्हें कम उम्र में काम करना पड़ता है। एक छोटा बच्चा जब अपने पिता को अस्पताल में तड़पते देखता है या उनकी मौत की खबर सुनता है, तो उसका बचपन वहीं खत्म हो जाता है।

3. माँ-बाप का दर्द

माता-पिता के लिए अपने बेटे को खोना सबसे बड़ा दुख होता है। जिस बेटे को उन्होंने प्यार से पाला, पढ़ाया-लिखाया, उसी को अपनी आंखों के सामने तंबाकू की वजह से खो देना—यह दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। बुजुर्ग मां-बाप अक्सर इस सदमे को सह नहीं पाते और उनका जीवन भी दुख में बीतता है। एक सच्चाई जो समझनी जरूरी है

तंबाकू का सेवन करने वाला व्यक्ति अक्सर यह सोचता है कि “मुझे कुछ नहीं होगा” या “मैं कभी भी छोड़ सकता हूँ।” लेकिन सच यह है कि तंबाकू धीरे-धीरे शरीर को अंदर से खत्म करता है। जब तक इंसान को अपनी गलती का एहसास होता है, तब तक बहुत देर हो चुकी होती है।

समाज पर प्रभाव

तंबाकू सिर्फ व्यक्ति और परिवार को ही नहीं, बल्कि पूरे समाज को नुकसान पहुंचाता है। स्वास्थ्य सेवाओं पर बोझ बढ़ता है। गरीब परिवार और गरीब हो जाते हैं, युवा पीढ़ी बुरी आदतों की ओर बढ़ती है।

तंबाकू छोड़ना क्यों जरूरी है?

तंबाकू छोड़ना जीवन का सबसे अच्छा फैसला हो सकता है। इससे स्वास्थ्य सुधरता है, परिवार खुश रहता है, आर्थिक बचत होती है, जीवन लंबा और बेहतर बनता है।

कैसे छोड़ें तंबाकू?

खुद से मजबूत इरादा करें,परिवार और दोस्तों का सहयोग लें, डॉक्टर की सलाह लें, धीरे-धीरे इसकी मात्रा कम करें, खुद को व्यस्त रखें और सकारात्मक गतिविधियों में लगें।

एक भावनात्मक संदेश

सोचिए…

अगर आप तंबाकू के कारण बीमार पड़ जाएं, अस्पताल के बिस्तर पर हों और आपके बच्चे रोते हुए आपको देख रहे हों…

आपकी पत्नी आपकी हालत देखकर टूट रही हो…

आपकी माँ दुआएं मांग रही हो…

क्या उस समय यह नशा आपके किसी काम आएगा?

विश्व तंबाकू निषेध दिवस सिर्फ एक दिन नहीं, बल्कि एक चेतावनी है—एक मौका है खुद को और अपने परिवार को बचाने का। तंबाकू एक ऐसी आग है जो धीरे-धीरे सब कुछ जला देती है—स्वास्थ्य, खुशियाँ, रिश्ते और जीवन।

अगर आज भी आप या आपके आसपास कोई तंबाकू का सेवन करता है, तो उसे समझाइए, उसे रोकिए। क्योंकि एक छोटा सा कदम—तंबाकू छोड़ना—कई जिंदगियों को बचा सकता है।


यास्मीन तरन्नुम "कवंल"

जबलपुर, मध्य प्रदेश

हालिया अपलोड

img
अपडेट
साक्षरता दिवस: बेटियों की घरेलू शिक्षा,...

साक्षरता का वास्विक अर्थ केवल अक्षर ज्ञान तक सीमित नहीं है। सामान्य...

img
अपडेट
इंजीनियर दिवस : जानें इतिहास में...

आज जब हम इंजीनियर शब्द सुनते हैं तो हमारे सामने कंप्यूटर, रोबोट,...

img
अपडेट
नेशनल विमेंस फोरम फॉर पीस एंड...

नेशनल विमेंस फोरम फॉर पीस एंड हार्मनी (NWFPH) को 19 अगस्त 2026...

img
अपडेट
शांति दिवस : संवाद, न्याय एवं...

आज की दुनिया तकनीक, विज्ञान और आर्थिक प्रगति के अभूतपूर्व दौर से...

Editorial Board

Arefa PareveenChief Editor

Khan ShaheenEditor

Saheefah KhanSub Editor

Members