मधुमेह : बदलती जीवनशैली की एक बड़ी चुनौती
आज के दौर में मधुमेह (डायबिटीज़) सिर्फ़ एक बीमारी नहीं रही, बल्कि एक ऐसी ख़ामोश चुनौती बन चुकी है जो हर उम्र के लोगों को अपनी जकड़ में ले रही है। कभी यह माना जाता था कि डायबिटीज़ केवल बढ़ती उम्र के लोगों को होती है, लेकिन आज हालात बदल चुके हैं। कम उम्र के युवा, नौकरीपेशा लोग और कई बार कॉलेज के छात्र भी इस बीमारी के साथ अस्पताल पहुँच रहे हैं। यह बदलाव हमें सोचने पर मजबूर करता है कि आख़िर हमारे जीवन में ऐसा क्या बदल गया है जिसने इस बीमारी को इतनी तेज़ी से बढ़ा दिया?
एक डायटीशियन होने के नाते मुझे प्रतिदिन ओपीडी में अलग-अलग उम्र के मरीज़ों से मिलने का मौक़ा मिलता है। सबसे अधिक चिंता की बात यह है कि अब 25 से 35 साल की उम्र के लोग ही नहीं, बल्कि इससे भी कम उम्र के मरीज़ पहली बार जाँच कराने आते हैं और उनकी ब्लड शुगर सामान्य से काफ़ी अधिक होती है। जब उनकी दिनचर्या के बारे में पूछा जाता है तो अक्सर एक जैसी बातें सामने आती हैं—सुबह का नाश्ता छोड़ देना, घंटों एक ही जगह बैठकर काम करना, बाहर का तला-भुना खाना, मीठे पेय पदार्थों का अधिक सेवन, देर रात तक जागना और व्यायाम से दूरी।
यह तस्वीर बताती है कि मधुमेह (डायबिटीज़) केवल दवाओं की नहीं, बल्कि हमारी बदलती जीवनशैली की भी बीमारी है। मधुमेह (डायबिटीज़) उस स्थिति को कहते हैं जब शरीर इंसुलिन का सही उपयोग नहीं कर पाता या पर्याप्त मात्रा में इंसुलिन नहीं बना पाता। इसके कारण रक्त में शर्करा (sugar) का स्तर लगातार बढ़ता रहता है। यदि समय रहते इसे नियंत्रित ना किया जाए तो इसका असर आँखों, गुर्दों, हृदय, नसों और पैरों पर पड़ सकता है। इसलिए इस बीमारी को हल्के में लेना किसी भी तरह उचित नहीं है।
आज सोशल मीडिया और इंटरनेट पर मधुमेह को लेकर कई तरह की अधूरी और ग़लत जानकारियाँ भी फैल रही हैं। कुछ लोग समझते हैं कि केवल चीनी खाना बंद कर देने से डायबिटीज़ ठीक हो जाएगी, जबकि कुछ लोग बिना किसी विशेषज्ञ की सलाह के तरह-तरह के घरेलू नुस्ख़े अपनाने लगते हैं। हक़ीक़त यह है कि मधुमेह का कोई जादुई इलाज नहीं है। इसे सही खान-पान, नियमित शारीरिक गतिविधि, समय पर दवा और लगातार निगरानी के ज़रिए बेहतर ढंग से नियंत्रित किया जा सकता है।
आहार मधुमेह प्रबंधन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। इसका मतलब भूखा रहना या अपनी पसंद का हर भोजन छोड़ देना नहीं है। बल्कि ज़रूरत इस बात की है कि भोजन संतुलित, पौष्टिक और सही मात्रा में लिया जाए। साबुत अनाज, दालें, हरी सब्ज़ियाँ, मौसमी फल, पर्याप्त प्रोटीन और फाइबर से भरपूर खाद्य पदार्थ शरीर को बेहतर पोषण देते हैं और रक्त शर्करा को नियंत्रित रखने में मदद करते हैं। वहीं मीठे पेय पदार्थ, अत्यधिक प्रोसेस्ड फूड, रिफाइंड मैदा और बार-बार बाहर का भोजन सीमित करना चाहिए।
इसके साथ ही रोज़ाना कम से कम 30–45 मिनट की शारीरिक गतिविधि भी उतनी ही ज़रूरी है। तेज़ क़दमों से चलना, योग, साइकिल चलाना या कोई भी ऐसा व्यायाम जिसे व्यक्ति नियमित रूप से कर सके, शरीर की इंसुलिन संवेदनशीलता को बेहतर बनाता है। अच्छी नींद और तनाव पर नियंत्रण भी मधुमेह प्रबंधन का अहम हिस्सा हैं, क्योंकि लगातार तनाव और नींद की कमी भी रक्त शर्करा को प्रभावित कर सकती है।
अक्सर यह देखा जाता है कि जैसे ही ब्लड शुगर सामान्य होने लगती है, कुछ लोग अपनी दवा या डाइट में लापरवाही शुरू कर देते हैं। यही वह गलती है जो भविष्य में गंभीर जटिलताओं का कारण बन सकती है। मधुमेह एक लंबी अवधि तक साथ रहने वाली स्थिति है, इसलिए इसमें निरंतर अनुशासन और नियमित जाँच बहुत ज़रूरी है। समय-समय पर HbA1c जैसी जाँचें करवाना और चिकित्सक तथा डाइटिशियन की सलाह का पालन करना रोगी को लंबे समय तक स्वस्थ जीवन जीने में मदद करता है।
एक डाइटिशियन के तौर पर मेरा हमेशा यही प्रयास रहता है कि मरीज़ केवल डाइट चार्ट लेकर न जाए, बल्कि अपनी बीमारी को समझकर जाए। जब व्यक्ति यह समझ लेता है कि उसकी रोज़मर्रा की छोटी-छोटी आदतें ही उसके स्वास्थ्य का भविष्य तय करती हैं, तब बदलाव लाना आसान हो जाता है। मैंने कई ऐसे मरीज़ देखे हैं जिन्होंने केवल अपनी जीवनशैली में सुधार, नियमित व्यायाम और संतुलित आहार अपनाकर अपने ब्लड शुगर स्तर में उल्लेखनीय सुधार किया है।
आख़िर में बस इतना कहना चाहूँगा कि मधुमेह से घबराने की नहीं, बल्कि उसे समझने और सही तरीके से संभालने की ज़रूरत है। अगर हम आज अपनी थाली, अपनी दिनचर्या और अपनी आदतों पर ध्यान देना शुरू कर दें, तो न केवल मधुमेह बल्कि कई अन्य जीवनशैली संबंधी बीमारियों से भी बचा जा सकता है। याद रखिए, बेहतर स्वास्थ्य किसी दवा की दुकान से नहीं, बल्कि हमारी रोज़मर्रा की सही आदतों और संतुलित भोजन से शुरू होता है।
मोहम्मद आदिल
Consultant Dietician
(PG In Clinical Nutrition)