बेटियों को विरासत में क्या दें?
article-image
परिवार

बेटियों को विरासत में क्या दें?


आज के आधुनिक जीवनकाल में लोग बेटियों को अच्छी शिक्षा, अच्छे कपड़े, महंगे मोबाईल और कीमती समान तो उपलब्ध करा देते हैं लेकिन विरासत के नाम पर देने के लिए उनके पास कुछ नहीं होता। जिस कारण समाज में बिगाड़ बढ़ रहा है, क्योंकि एक बेटी ही आगे चलकर मां बनती है और उसकी गोद में भावी पीढ़ियां ट्रेनिंग लेती है।

यहां यह समझना ज़रुरी है कि जब विरासत की बात होती है तो हमारे ज़ेहन में ज़मीन, जायदाद, पैसा और कीमती सामान का ही विचार आता है। लेकिन असल विरासत वह नहीं जो सिर्फ़ हाथों में आए, बल्कि वह है जो शख्सियत का हिस्सा बन जाए और पूरी ज़िंदगी साथ रहे। बेटियाँ किसी भी परिवार की रहमत, ज़िम्मेदारी और भविष्य की निर्माता होती हैं। इसलिए उन्हें ऐसी विरासत देना सबसे बड़ी नेकी है जो उनकी दुनिया और आख़िरत दोनों को संवार दे।

अच्छा स्वभाव

बेटियों के लिए सबसे अनमोल विरासत अच्छा स्वभाव हैं। सच्चाई, ईमानदारी, सब्र, शुक्र, हया, रहमदिली और दूसरों का सम्मान करना ऐसे गुण हैं जो उन्हें हर जगह सम्मान दिलाते हैं। दौलत खो सकती है, लेकिन अच्छा स्वभाव इंसान की सबसे बड़ी पहचान होता हैं।

मज़बूत किरदार

एक मज़बूत किरदार हर इंसान की सबसे बड़ी पूंजी है। बेटियों को ऐसा आत्मविश्वास, सच्चाई और नैतिक साहस दिया जाए कि वे हर परिस्थिति में सही का साथ दें और ग़लत के सामने झुकने के बजाय उसका डटकर सामना करें। चरित्रवान बेटियाँ न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे समाज के लिए मिसाल बनती हैं।

अच्छा इंसान बनाना

सफलता केवल ऊँचे पद या अधिक धन से नहीं मापी जाती, बल्कि इस बात से मापी जाती है कि इंसान दूसरों के लिए कितना लाभदायक है। बेटियों को ऐसा इंसान बनाना चाहिए जो संवेदनशील हो, दूसरों के दुख को समझे, मदद के लिए आगे आए और इंसानियत की सेवा को अपनी ज़िम्मेदारी माने।

समाज के लिए बेहतर योगदान देने वाली 

हर बेटी में समाज को बदलने की क्षमता होती है। उसे यह एहसास दिलाया जाए कि वह केवल अपने परिवार तक सीमित नहीं, बल्कि समाज की एक ज़िम्मेदार नागरिक भी है। शिक्षा, सेवा, नेतृत्व, सामाजिक जागरूकता और सकारात्मक सोच के माध्यम से वह समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

अच्छी शिक्षा व संस्कार

शिक्षा केवल डिग्री हासिल करने का नाम नहीं, बल्कि सोचने, समझने और सही फ़ैसले लेने की क्षमता विकसित करने का माध्यम है। इसके साथ अच्छी तरबियत बेटियों को जीवन के हर मोड़ पर सही राह चुनना सिखाती है। दीन और दुनिया दोनों की संतुलित शिक्षा उन्हें आत्मनिर्भर, जागरूक और ज़िम्मेदार बनाती है।

विरासत के बंटवारे में पूरा हक़ अदा करना

इस्लाम ने बेटियों को विरासत में स्पष्ट और सम्मानजनक अधिकार दिया है। अफ़सोस कि कई परिवार आज भी सामाजिक परंपराओं या गलत धारणाओं के कारण बेटियों को उनके हिस्से से वंचित कर देते हैं। यह केवल सामाजिक अन्याय ही नहीं, बल्कि धार्मिक दृष्टि से भी गंभीर मामला है। बेटियों को उनका निर्धारित हिस्सा सम्मानपूर्वक देना न्याय, ईमानदारी और अल्लाह के आदेश का पालन है। यही एक ऐसी विरासत है जो परिवारों में भरोसा, मोहब्बत और इंसाफ़ को मज़बूत करती है।

बेटियों को केवल संपत्ति नहीं, बल्कि ऐसे जीवन-मूल्य विरासत में दें जो उन्हें मज़बूत, आत्मविश्वास से भरपूर, शिक्षित और समाज के लिए लाभदायक इंसान बनाएँ। अच्छे अख़लाक, बुलंद किरदार, बेहतरीन शिक्षा, इंसानियत की सेवा का जज़्बा और उनके विरासत के अधिकार की अदायगी—यही वह असली विरासत है जो आने वाली नस्लों तक अपनी रोशनी फैलाती है। जब बेटियाँ इन मूल्यों के साथ आगे बढ़ती हैं, तो वे केवल अपने परिवार का नहीं, बल्कि पूरे समाज का भविष्य संवारती हैं।


हारिसा फ़ातिमा

सवाईमाधोपुर, राजस्थान

हालिया अपलोड

img
अपडेट
साक्षरता दिवस: बेटियों की घरेलू शिक्षा,...

साक्षरता का वास्विक अर्थ केवल अक्षर ज्ञान तक सीमित नहीं है। सामान्य...

img
अपडेट
इंजीनियर दिवस : जानें इतिहास में...

आज जब हम इंजीनियर शब्द सुनते हैं तो हमारे सामने कंप्यूटर, रोबोट,...

img
अपडेट
नेशनल विमेंस फोरम फॉर पीस एंड...

नेशनल विमेंस फोरम फॉर पीस एंड हार्मनी (NWFPH) को 19 अगस्त 2026...

img
अपडेट
शांति दिवस : संवाद, न्याय एवं...

आज की दुनिया तकनीक, विज्ञान और आर्थिक प्रगति के अभूतपूर्व दौर से...

Editorial Board

Arefa PareveenChief Editor

Khan ShaheenEditor

Saheefah KhanSub Editor

Members